मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव हरचंदपुर के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र राठौर की मंगलवार को एटा में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद बुधवार शाम शव गांव पहुंचा, बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में बेटे ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया, परिजन ने बताया कि 26 अक्तूबर को वीरेंद्र बेटी के लिए लड़का देखने फिरोजाबाद गया था।
गांव हरचंदपुर का रहने वाला 45 वर्षीय वीरेंद्र राठौर करीब 17 साल पहले अपराध की दुनिया में आया था, चोरी लूट के मामले में गिरफ्तारी के बाद उस पर जनपद में करीब 32 से अधिक मुकदमे दर्ज हो चुके थे, सदर कोतवाली में उसकी हिस्ट्रीशीट खुली थी। कुछ समय से उसने अपना ठिकाना आसपास के जनपदों को बनाया था। मंगलवार को जनपद एटा में हुई पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार शाम को वीरेंद्र का शव गांव पहुंचा तो परिजन में चीख पुकार मच गई।
किसी प्रकार से स्थिति न बिगड़े, इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव में तैनात किया गया था, शव पहुंचने के कुछ देर बाद ही अंतिम संस्कार के शव अंत्येष्टि स्थल पर लाया गया। बेटे देव ने पिता वीरेंद्र के शव को मुखाग्नि दी। देव ने बताया कि 26 अक्तूबर को पिता वीरेंद्र, मां सुमन व भाई बहन फिरोजाबाद बुआ के यहां गए थे। वहां बड़ी बहन नीलम के लिए लड़का देखना था। मगर, उसी दिन पिता गायब हो गए। अगले दिन देर शाम को सूचना मिली कि पिता को एटा पुलिस ने मुठभेड़ में मार दिया है। अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद पुलिस बल गांव से लौट गया, स्थिति पर नजर रखने के लिए कुछ पुलिसकर्मियों को लगाया गया है।
-
पांच भाइयों में सबसे बड़ा था वीरेंद्र
ग्रामीणों ने बताया कि वीरेंद्र पांच भाइयों में सबसे बड़ा था, वह शुरू से ही आपराधिक प्रवृत्ति का नहीं था। मगर, पहली बार उसकी गिरफ्तारी लूट के एक मामले में हुई थी। पुलिस उसे गांव से पकड़ कर ले गई थी। इसके बाद से पुलिस का अक्सर गांव में उसकी तलाश में आना जाना बना रहा।
-
करवाचौथ से पहले उजड़ा सुमन का सिंदूर
उस पत्नी की हालत क्या होगी, जो कुछ दिनों पहले तक अपने पति की लंबी उम्र की दुआएं करने के लिए करवाचौथ की तैयारी कर रही थी, वीरेंद्र की शादी वर्ष 2006 में सुमन के साथ हुई थी, उनके पांच बच्चे दो बेटे व तीन बेटियां हैं। बुधवार को जब वीरेंद्र का शव गांव पहुंचा तो सुमन बेहोश हो गई, ग्रामीणों का कहना था कि पति चाहे अपराधी हो या कोई और, सुहाग उजड़ने का दर्द सभी को होता है। वह भी करवाचौथ के दो दिन पहले पति की मौत ने सुमन को तोड़ कर रख दिया है।
वर्जन
जनपद एटा में मंगलवार को हुई पुलिस मुठभेड़ में हरचंदपुर के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर की मौत हुई है, बुधवार को शव का गांव में अंतिम संस्कार किया गया, एहतियात के तौर पर पुलिस बल गांव भेजा गया था। अशोक कुमार सिंह, सीओ सिटी