फोटो 30 मृतक सोवेंद्र का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
मैनपुरी। दिल्ली से दुकान के लिए सामान की खरीदारी कर घर लौट रहे दो भाइयों की खुशियां मंगलवार शाम मातम में बदल गईं। एक बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक भाई की मौत हो गई। दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार चल रहा है। बुधवार को मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद दन्नाहार क्षेत्र के गांव रठेरा पहुंचा। यहां गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया है।
गांव रठेरा निवासी नेपाल सिंह का पुत्र सोवेंद्र गांव में ही इलेक्ट्रॉनिक की दुकान का संचालन करता था। उसका बड़ा भाई विशाल दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करती था। दिवाली के त्योहार के लिए इलेक्ट्रॉनिक का सामान लेने के लिए विशाल और सोवेंद्र 23 अक्तूबर बाइक से दिल्ली के लिए निकले। 26 अक्तूबर को दिल्ली से सामान लेकर वह घर वापस लौट रहे थे कि दोपहर बाद गौतमबुद्ध नगर में थाना दादरी क्षेत्र में बस की चपेट में आ गए। इससे सोवेंद्र (18) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बुधवार को मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद दन्नाहार क्षेत्र के गांव रठेरा पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोपहर में गमगीन माहौल के बीच शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सीओ सिटी अशोक सिंह ने बताया कि दादरी में दुर्घटना के बाद शव गांव रठेरा पहुंचा था। शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। परिजन ने बताया कि मामले में थाना दादरी में तहरीर दी गई है।
फोटो 30 मृतक सोवेंद्र का फाइल फोटो। स्रोत परिजन