मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्रों की पहली सूची जारी होने के बाद दो दिन आपत्तियां मांगी गई थीं। जिले में प्रस्तावित केंद्रों के लिए 131 आपत्तियां जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय को प्राप्त हुई हैं। इनमें 84 प्रधानाचार्यों ने मानक से अधिक दूरी पर छात्र आवंटन के लिए प्रत्यावेदन किया है, जबकि पांच ने केंद्र कटवाने और 39 ने नया केंद्र बनवाने के लिए प्रत्यावेदन दिया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए जिले में 82 केंद्रों का निर्धारण किया है। इनमें 11 राजकीय, 40 सहायता प्राप्त और 31 वित्तविहीन कॉलेजों को शामिल किया गया है। केंद्र निर्धारण के साथ ही ऑनलाइन छात्र आवंटन भी कर दिया गया है। बोर्ड के नियम के अनुसार 27 व 28 अक्तूबर को आपत्तियां मांगी गई थीं। निर्धारित केंद्रों पर 84 कॉलेजों के प्रधानाचार्यों ने छात्र-छात्राओं का आवंटन मानक से अधिक दूरी पर होने का दावा किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्राप्त आपत्तियां जिला समिति के समक्ष रखी जाएंगी। जिला समिति जल्द ही इन सभी आपत्तियों का निस्तारण कर पूरी जानकारी माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजेगी। अंतिम केंद्र निर्धारण परिषद स्तर से ही तय किया जाएगा।
परिषद के निर्देश पर दो दिनों में कुल 131 आपत्तियां प्राप्त की गई हैं। जनपदीय समिति इन सभी का तय मानकों के अनुसार निस्तारण करेगी, जिसके बाद अंतिम रिपोर्ट माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेज दी जाएगी। - सतीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, मैनपुरी