फोटो 10 जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय। संवाद
मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिषद ने बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन से पहले परीक्षकों को प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रथम चरण में अंग्रेजी विषय के दो शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ बुलाया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च को समाप्त होने जा रही हैं। विज्ञान वर्ग की मुख्य परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं। हाईस्कूल की परीक्षाएं भी समापन की ओर हैं। परीक्षाएं समाप्त होते ही परिषद ने मूल्यांकन कराने का निर्णय लिया है। विभागीय सूत्रों की मानें तो 18 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू होगा। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के आदर्श मूल्यांकन के लिए परिषद ने परीक्षकों को प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया है। प्रत्येक विषय के लिए दो जनपदीय नोडल शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम चरण में अंग्रेजी विषय के दो शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ बुलाया है। नौ मार्च से क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ में इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद के पत्र के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने दो अंग्रेजी विषय की शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण में भेजने का निर्णय लिया है। इसके लिए संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को पत्र लिखा गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिषद ने अंग्रेजी विषय में प्रशिक्षण के लिए दो शिक्षकों को भेजने के लिए पत्र लिखा है। पत्र प्राप्त होते ही जिले के दो शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। दो कॉलेजों के प्रधानाचार्य को संबंधित शिक्षकों को रिलीव कर प्रशिक्षण में भेजने के लिए कहा गया है।
- सतीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक