फोटो 36 वीरेंद्र भारतीय इंटर कॉलेज ज्योंती में परीक्षा देकर निकलीं छात्राएं खुशी जताते हुए। संव
मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षाएं समापन की ओर हैं। इस बीच माध्यमिक शिक्षा परिषद ने मूल्यांकन की तैयारियां तेज कर दी हैं। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद के पत्र पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले से चार केंद्रों का प्रस्ताव भेजा गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च को समाप्त होने जा रही हैंं। इसके साथ ही मूल्यांकन की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि परिषद की ओर से 18 मार्च से मूल्यांकन का कार्य संभावित है। इसके लिए तैयारियां जारी हैं। उन्होंने बताया कि जिले में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मैनपुरी, जैन इंटर कॉलेज करहल और नर सिंह यादव इंटर कॉलेज करहल को मूल्यांकन केंद्र बनाया जाएगा। चारो कॉलेजों से सहमति लेने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद को सूची भेज दी है।
इंटर वाणिज्य का प्रश्न रहा आसान खुश दिखे परीक्षार्थी मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत शनिवार को प्रथम पाली में इंटरमीडिएट वाणिज्य प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। प्रश्नपत्र आसान रहा। परीक्षा देकर निकले छात्र-छात्राएं प्रसन्न नजर आए।
सुबह 8:30 बजे से हाईस्कूल मानव विज्ञान और इंटरमीडिएट वाणिज्य विषय की परीक्षा हुई। सघन तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश दिया गया। इंटर वाणिज्य की परीक्षा में पंजीकृत 152 परीक्षार्थियों में से 143 परीक्षार्थी उपस्थित हुए जबकि नौ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वीरेंद्र भारतीय इंटर कॉलेज ज्योंती में परीक्षा देकर बाहर निकली छात्रा चांदनी ने बताया कि वाणिज्य का प्रश्न आसान रहा। परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त होंगे। छात्रा रश्मी ने बताया कि प्रश्नपत्र अधिक कठिन नहीं था निश्चित ही अच्छे अंक प्राप्त होंगे।