मैनपुरी। गर्मियों के मौसम में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मुहैया कराने के लिए विद्युत निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार ने उपकेंद्र कुसमरा का निरीक्षण कर व्यवस्था को देखा। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसई ने उपकेंद्र पर स्विच यार्ड, पाॅवर ट्रांसफार्मर, वीसीवी पैनल का निरीक्षण किया और आपूर्ति रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि आगामी गर्मियों के मौसम में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन की ओर 15 फरवरी से मार्च तक चलने वाले मेंटीनेंस माह में सभी जरूरी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।
उन्हाेंने बताया कि इस माह में 33 केवी और सभी 11 केवी लाइनों की पेट्रोलिंग कराकर व्यवधान उत्पन्न करने वाली कमियों को दूर कराया जाएगा। ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग सुनिश्चित कर ली जाए और ऑयल टॉप अप करा लिया जाए। क्षतिग्रस्त पोल और लाइनों को सही कराया जाएगा। लाइनों को छूने वाले वृक्षों की टहनियों की छटाई कराई जाएगी।
इस दौरान एक्सईएन टेस्ट बृजेश कुमार, एसडीओ शेर सिंह निमेष, जेई ज्ञानेंद्र पुष्कर आदि मौजूद रहे।
आपूर्ति संबंधी शिकायतों पर सक्रिय रहें टीमें
एसई मुकेश कुमार ने कहा कि विद्युत आपूर्ति संबंधित शिकायत पर तत्काल टीमें सक्रिय होकर उसका समाधान सुनिश्चित करें। लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विद्युत आपूर्ति, रोस्टिंग, शटडाउन और ब्रेकडाउन की सूचना बिजली घर की ओर से संचालित ग्रुप के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाए। ऑनड्यूटी एसएसओ विद्युत आपूर्ति संबंधित प्रत्येक अपडेट सोशल मीडिया सेल टीम को आदान-प्रदान सुनिश्चित करें।