फोटो 28 जिला अस्पताल में भर्ती मरीज। संवाद
मैनपुरी। सर्दी के बीच अस्थमा के मरीजों की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। साल के पहले ही दिन महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल पहुंची दो महिलाओं की सांस लेने में दिक्कत के चलते मौत हो गई। आठ मरीज भर्ती कराए गए। तीन मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की ओपीडी में बृहस्पतिवार को मरीजों की भीड़ देखी गई। अस्पताल की ओपीडी में 655 मरीजों को उपचार दिया गया। दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव चौरासी निवासी रामप्यारी (75) पत्नी मुंशीलाल को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। बृहस्पतिवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना कोतवाली के जेल चौराहा निकट निवासी छोटी बेटी (72) पत्नी शिशुपाल को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर से उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर बृहस्पतिवार को परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. धर्मेंद्र कुमार का कहना था कि दोनों ही मरीजों को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। परिजन के अनुसार उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई।