फोटो 23 रैन बसेरा में रजिस्टर चेक करते डीएम। स्रोत प्रशासन
मैनपुरी। बुधवार की रात 11 बजे जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कोहरे के बीच जिला चिकित्सालय, बस स्टैंड पर बने अस्थाई रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका से कहा कि खुले आसमान के नीचे किसी व्यक्ति को रात्रि विश्राम न करना पड़े। रैन बसेरों में पर्याप्त रजाई-गद्दे, कंबल की व्यवस्था रहे। रात्रि विश्राम करने वालों का रिकॉर्ड रखने को कर्मचारी रैन बसेरों पर तैनात रहें।
उन्होंने निरीक्षण में पाया कि जिला चिकित्सालय के रैन बसेरे में 29 दिसंबर को चार, 30 दिसंबर को पांच लोगों ने ने रात्रि विश्राम किया। बुधवार की रात को दो लोग मौजूद मिले। बस स्टैंड के रैन बसेरे के निरीक्षण में केयर टेकर अरुण कुमार ने बताया कि रोजाना चार पांच लोग रात्रि विश्राम कर रहे हैं। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका से कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से अलाव जलाने की व्यवस्था रहे। बस स्टैंड पर नियमित रूप से अलाव जलें। अलाव पर समय से पर्याप्त मात्रा में लकड़ी की उपलब्धता रहे। उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धिप्रकाश, तहसीलदार हरेंश कर्दम, अनिल सक्सेना मौजूद रहे।