फोटो 29 टिंडौली रेलवे स्टेशन पहुंची टूंडला-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन। संवाद
मैनपुरी। उत्तर मध्य रेलवे ने 25 साल बाद टूंडला फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन में पांच कोच बढ़ा दिए हैं। बृहस्पतिवार को सात कोच वाली ट्रेन 12 कोच के साथ मैनपुरी पहुंची तो जिले के लोगों ने राहत भरी सांस ली।
सुबह 7:34 बजे ट्रेन टिंडौली रेलवे स्टेशन पर पहली बार 12 कोच के साथ पहुंची तो यात्रियों के चेहरों पर प्रसन्नता दिखाई दी। सबसे अधिक प्रसन्न छात्र-छात्राएं और महिलाएं नजर आईं। 12 कोच होने के कारण यात्रियों को ट्रेन में सवारी करने में कोई परेशानी नहीं हुई। गांव रठेरा निवासी सेवा निवृत्त रेलवे कर्मचारी कश्मीर सिंह ने बताया कि इससे पहले वर्ष 2001 में टूंडला-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन में दो कोच बढ़ाए गए थे। 2001 से पहले ट्रेन में मात्र पांच कोच ही थे। 25 साल बाद ट्रेन में पांच कोच बढ़ने पर यात्रियों के लिए बड़ी राहत मिली है।
टूंडला-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन जिले के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेन है। इस ट्रेन से बड़ी संख्या में लोगों को फर्रुखाबाद और टूंडला के लिए आना जाना रहता है। ट्रेन में भीड़ के कारण लोगों को परेशानी होती थी अब रेलवे विभाग ने पांच कोच बढ़ाकर यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे का यह निर्णय सराहनीय है। संदीप फौजी, रठेरा
-
सरकारी की ओर से ट्रेन का किराया काफी कम किया गया है। इससे लोग बस के स्थान पर ट्रेन से यात्रा करना अधिक पसंद करते हैं। टूंडला फर्रुखाबाद ट्रेन में भीड़ के कारण लोगों को यात्रा करने में परेशानी होती थी। सबसे अधिक परेशानी छात्राओं और महिलाओं के लिए थी। उत्तर मध्य रेलवे ने पांच कोच बढ़ाकर यात्रियों को बड़ी राहत दी है। सोनू चौहान, टिंडौली