बेवर। मोहल्ला मिरकिचिया में एक ट्रक मिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव शनिवार सुबह घर के दरवाजे पर चादर के फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं।
मृतक की पहचान जनपद इटावा के गांव इकदिल निवासी दीप किशोर उर्फ लिटिल मिस्त्री के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बेवर थाना क्षेत्र के मोहल्ला मिरकिचिया में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। दीप किशोर की घर के पास बाईपास तिराहे पर एक दुकान थी। शुक्रवार देर शाम वह घर पर सब्जी देने के बाद दुकान में बने अहाते में सोने चले गए थे। शनिवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने उनके परिजन को दीप किशोर का शव दरवाजे पर लटका होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने जांच के लिए कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने शनिवार को ही शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
अनहोनी की आशंका जता रहे परिजन
घटनास्थल पर दीप किशोर का शव जिस परिस्थिति में मिला, वह परिस्थिति घटना को संदिग्ध बना रही है। गले में चादर का फंदा कसा हुआ था, मगर दीप के पैर जमीन को छू रहे थे। परिजन व लोग अनहोनी की आशंका भी व्यक्त कर रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जिसके बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।
पत्नी बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
दीप किशोर करीब 20 साल से थाना क्षेत्र के मोहल्ला मिरकिचिया में रह रहे थे। पत्नी सुनीता के अलावा चार बेटे हैं। दीप किशोर की असमय मौत के बाद सभी दुखी हैं। घर में मातम छाया हुआ है।
फोटो 8 दीप किशोर का फाइल फोटो