मैनपुरी। गर्मी में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने और ट्रांसफार्मरों को सुधारने के लिए विद्युत निगम की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। मंगलवार को अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार ने भोगांव में ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण किया और लोड की जांच की। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने पर अभियंता की जिम्मेदारी तय कर मरम्मत व्यय की रिकवरी की जाएगी।अधीक्षण अभियंता ने बताया कि गर्मी के दिनों में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मुहैया कराई जाएगी। ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग का कार्य पहले ही पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 100 केवीए क्षमता तक के वितरण परिवर्तकों पर फ्यूज सेट और 100 केवीए से ऊपर क्षमता के वितरण परिवर्तकों पर टेलनेस यूनिट स्थापित कराई गई हैं।
एसई ने बताया कि विभिन्न योजनाओं के तहत ओवर लोड कम करने के लिए क्षमता वृद्धि और अतिरिक्त परिवर्तक स्थापना का कार्य किया गया है। वर्ष में दो बार प्री-मानसून और पोस्ट मानसून में विद्युत लाइनों, उपकेंद्रों और परिवर्तको के अनुरक्षण कार्य के लिए मेंटीनेंस माह मनाया जा रहा है। इस दौरान एसडीओ भोगांव राजीव कुमार, जेई सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।