फोटो 17 कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक लेते ऊर्जा मंत्री कैलाश राजपूत। संवाद
मैनपुरी। राज्य मंत्री ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत उत्तर प्रदेश, कैलाश राजपूत ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में भाग लिया। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जाए। उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। राज्य मंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से बिजली की आपूर्ति करना और बिजली संकट का त्वरित समाधान करना था। राज्य मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की ओर से निर्धारित रोस्टर के अनुरूप ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पूरी बिजली दी जाए। फुंके या क्षतिग्रस्त हुए ट्रांसफार्मरों को तय समय-सीमा के भीतर बदला जाए। विद्युत आपूर्ति संबंधित शिकायतों पर लापरवाही बरतने वाले संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त की जाए। उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए जारी टोल-फ्री नंबर 1912 और सोशल मीडिया सेल पर आने वाली समस्याओं की दैनिक स्तर पर समीक्षा की जाए। शिकायतों को सीधे संबंधित जेई, लाइनमैन और उपकेंद्रों को भेजकर तुरंत समाधान कराया जाए।
बैठक में विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री, भाजपा जिला अध्यक्ष ममता राजपूत, बृजक्षेत्र उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार सोशल मीडिया सेल प्रभारी शरद मिश्रा आदि उपस्थित रहे।