फोटो 28 कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी। संवाद
मैनपुरी। कलेक्ट्रेट के गेट पर प्राथमिक शिक्षकों ने केंद्रीय राज्य शिक्षामंत्री जयंत चौधरी के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। लोकसभा में अधिसूचना पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टेट (शिक्षक पात्रता परीक्षा) अनिवार्यता से संबंधित प्रश्न पर मंत्री के जवाब शिक्षक आक्रोशित हैं। शिक्षकों का आरोप है कि मंत्री का जवाब पूर्व में दिए गए शिक्षक हितैषी आश्वासनों के विरोधाभासी है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में बुधवार को जिले के शिक्षकों ने जिला मुख्यालय पर केंद्रीय राज्य शिक्षामंत्री जयंत चौधरी के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि अधिसूचना पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टेट की अनिवार्यता थोपना एक काला कानून है और यह शिक्षकों के साथ अन्याय है।
उन्होंने इसे संविधान में निहित समानता और जीवन यापन के अधिकार का उल्लंघन बताया। उनका कहना था कि जब नियुक्ति के समय शिक्षक तत्कालीन न्यूनतम अर्हता पूरी कर चुके थे, तो उन पर अब नई अर्हता थोपना न्यायसंगत और विधिसम्मत नहीं है। उन्होंने केंद्रीय राज्य शिक्षामंत्री जयंत चौधरी के लोकसभा में दिए गए जवाब को गैर शिक्षक हितैषी बताते हुए इसे शिक्षकों के प्रति उनकी नकारात्मक सोच का परिचायक करार दिया।ा