फोटो26 कंपोजिट विद्यालय नगला कीरत में मिड-डे मील का सैंपल लेती खाद विभाग की टीम। संवाद
मैनपुरी। कंपोजिट विद्यालय नगला कीरत में मंगलवार को एल्बेंडाजोल टेबलेट खाने के बाद बच्चों की हालत बिगड़ने के मामले की जांच मजिस्ट्रेट और चिकित्सक की टीम करेगी। बुधवार को डीएम ने कंपोजिट विद्यालय पहुंच कर बच्चों से बात की, उनका हाल पूछने के साथ ही मिड-डे मील आदि के बारे में जानकारी ली। खाद विभाग की टीम ने जांच के लिए मिड-डे मील के सैंपल लिए।
राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस पर मंगलवार को जिले भर में 1 से 19 वर्ष के 10.36 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल टेबलेट खिलाने के आदेश दिए गए थे। जनपद में सभी स्कूलों में गोली खिलाई गई। मगर, नगर के नगला कीरत स्थित कंपोजिट विद्यालय में दवा खाने के बाद करीब 50 बच्चों की हालत बिगड़ गई थी। सभी को जिला अस्पताल लाया गया, वहां पर प्राथमिकी उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया था। बच्चों की हालत आखिर क्यों बिगड़ी, इसके पीछे क्या वजह से है। इसको जानने के लिए जिलाधिकारी अंजनी कुमार ने मजिस्ट्रेट व चिकित्सक की टीम बनाई है। यह टीम घटना की गहनता से जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी।
बुधवार को डीएम ने कंपोजिट विद्यालय नगला कीरत पहुंच कर बच्चों से बात की, सभी बच्चों ने बताया कि वह बिल्कुल ठीक हैं। वहां के शिक्षकों से स्कूल में बनने वाले मिड-डे मील भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। डीएम ने बताया कि जिले भर में कहीं से भी एल्बेंडाजोल टेबलेट खाने से किसी परेशानी का मामला सामने नहीं आया, ऐसा कंपोजिट विद्यालय में क्यों हुआ, इसकी जांच कराई जा रही है। सभी बच्चे स्वस्थ हैं।