बेवर। दुर्घटना बीमा के रुपये हड़पने व ठगी का शिकार विधवा की खुदकुशी मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव बडाहार निवासी बिधवा प्रियंका देवी ने बुधवार को जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी थी। पिता अमर सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि बेटी के पति सुमित कुमार की वर्ष 2022 में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। दुर्घटना बीमा के पांच लाख रुपये विमल शाक्य निवासी सकत बेवर हड़प कर गया, कई बार मांगने के बाद भी रुपये नहीं लौटा रहा था। 24 जनवरी को क्लेम मंजूर हो जाने के नाम पर पुत्री से 61 हजार रुपये की ठगी कर ली गई थी। जिस वजह से भी पुत्री प्रियंका मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। तनाव में आकर बुधवार को उसने जान दे दी। मृतका के पिता अमर सिंह निवासी लछीराम थाना छिबरामऊ की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध खुदकुशी के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।