फोटो 29 जिला अस्पताल में पर्चा काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़। संवाद
मैनपुरी। दिन में तेज धूप और रात में सर्दी के चलते जिले में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई है। जिला अस्पताल में सर्दी-जुकाम के साथ बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ देखी गई। यहां 1103 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव हुआ है। रात के साथ ही सुबह-शाम मौसम में सर्दी है।
जबकि दिन के समय तेज धूप निकल रही है। इसके चलते जिले में मच्छरों की संख्या भी बढ़ने लगी है। बुधवार को महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ देखी गई। सर्वाधिक मरीज फिजीशियन और बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष में पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में सर्दी, जुकाम, अस्थमा के साथ बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। सीएमएस डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने डॉक्टरों को निर्देश दिए हैं कि बुखार से संबंधित मरीजों की जांच अवश्य कराई जाए। वहीं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके शाक्य ने जिले के लोगों को सलाह दी है कि वे बच्चों का इस जाती सर्दी में विशेष ख्याल रखें।स