फोटो 47 रजिस्ट्री कार्यालय में स्ट्रेचर पर लेटा बाप। संवाद
मैनपुरी। रजिस्ट्री कार्यालय में बुधवार शाम को एक पिता और बेटे के बीच जमीन का बैनामा कराने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। काफी देर तक रिश्तेदार बाप-बेटों को समझाते रहे, लेकिन दोनों अपनी जिद पर अड़े रहे और समय बीत जाने की वजह से बैनामा नहीं हो पाया।
दरअसल आगरा की ट्रांस यमुना कॉलोनी के रहने वाले रवि का करीब 1 साल पहले एक्सीडेंट हो गया था। उसके बाद से वह स्ट्रेचर पर ही हैं। घिरोर क्षेत्र के भुगाई गांव में उनका 10 बीघा पुश्तैनी खेत है। जिसका बैनामा कराने के लिए बुधवार को वह स्ट्रेचर पर लेट कर एंबुलेंस की मदद से रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में बैनामा की प्रक्रिया जारी थी, इसी दौरान उनका बेटा प्रदीप भी वहां पहुंच गया और रजिस्ट्री का विरोध करने लगा। बेटे ने कहा कि यह जमीन मेरे बाबा की है, नियमानुसार पुश्तैनी जमीन पर मेरा हक है। मैं गाड़ी चला कर अपना परिवार पालता हूं, पिता के इलाज में मेरा बहुत पैसा खर्च हो चुका है, लाखों का कर्जा है। कुछ लोग मेरे पिता को बहका कर बैनामा करा रहे हैं। वहीं पिता का कहना था कि उनका बेटा उनकी देखभाल नहीं करता।
इसलिए वह जमीन बेच रहे हैं, इससे जो रुपये मिलेंगे उससे अपना और पत्नी का गुजारा करेंगे। साथ ही अपना इलाज कराएंगे।
रजिस्ट्री कार्यालय में बाप और बेटा दोनों ही लगातार एक दूसरे से बहस करते रहे। हंगामा होने की वजह से और भी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। देर शाम तक बैनामा कराने के लिए समझौते और मामला निपटाने की कोशिश होती रही लेकिन समय निकलने की वजह से बैनामा नहीं हो पाया। संवाद