फोटो 22 पुलिस की गिरफ्त में प्रधानाचार्य
मैनपुरी/बेवर। छात्रवृत्ति के लिए अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से भेजे गए 16.78 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने केपी सिंह इंटर कॉलेज दौदापुर तिलियानी, बेवर के प्रधानाचार्य शशिभूषण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। संचालक प्रियांशु प्रताप सिंह की तलाश जारी है। वर्ष 2021-2022 में किए गए गबन के मामले में पुलिस ने जांच के बाद यह कार्रवाई की है।केपी सिंह इंटर कॉलेज में वर्ष 2021-2022 में पंजीकृत 285 छात्र-छात्राओं के लिए अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से 16,78,500 रुपये भेजे गए थे। वर्ष 2025 में शासन के निर्देश पर विभाग की ओर से कराई गई जांच में पता चला कि पंजीकृत छात्र-छात्राओं के मोबाइल नंबर फर्जी थे। संबंधित छात्र-छात्राएं दूसरे स्थानों पर शिक्षा प्राप्त कर रहे थे। विद्यालय के अध्यापक राजीव कुमार तथा पंकज कुमार ने बताया कि छात्रवृत्ति से संबंधित कोई अभिलेख विद्यालय में नहीं है। पुराने स्टाफ को विद्यालय से हटाया जा चुका है। जांच रिपोर्ट के बाद जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कनिष्ठ सहायक निखिल किशोर ने 20 जुलाई 2025 को बेवर थाने में केपी सिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शशिभूषण सिंह और संचालक प्रियांशु प्रताप सिंह निवासी नरायनपुर जासमई, थाना बेवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्रधानाचार्य शशिभूषण सिंह को उसके घर से गिरफ्तार किया, जबकि संचालक प्रियांशु प्रताप सिंह फरार है।
वर्जन
छात्रवृत्ति गबन के मामले में प्रधानाचार्य को गिरफ्तार किया गया है। थाने से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद रुपये की रिकवरी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सरकार का जो भी रुपया है उसे आरोपियों को वापस करना होगा।
-रंजना शुक्ला, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी