फोटो 31 शहर के मोहल्ला गाड़ीवान स्थित प्राचीन श्री भीमसेन महाराज मंदिर। संवाद
मैनपुरी। भगवान भोलेनाथ की आराधना का पवित्र सावन माह बृहस्पतिवार से शुरू हो रहा है। इसके साथ ही जनपदभर में शिवभक्ति का माहौल बनने लगा है। श्रद्धालु पूरे एक माह तक भगवान शिव की भक्ति में लीन रहेंगे। मंदिरों में जलाभिषेक और पूजन का दौर चलेगा। सावन के सोमवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्थित शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचेंगे।
सावन शुरू होने से पहले ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंदिरों की साफ-सफाई के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। शहर के मोहल्ला गाड़ीवान स्थित श्री भीमसेन महाराज मंदिर, श्री चांदेश्वर महादेव मंदिर समेत अन्य शिवालय सावन के दौरान श्रद्धालुओं से गुलजार नजर आएंगे। हर दिन भक्त भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचेंगे।
कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष तैयारियां
सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ भरने के लिए गंगा घाटों की ओर रवाना होंगे। वहां से कांवड़ में गंगाजल लेकर श्रद्धालु अपने क्षेत्र के शिव मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से भी विशेष तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
पुलिस ने सुरक्षा के लिए बनाए चार जोन
सावन की शुरुआत के साथ ही पुलिस ने भी व्यवस्था कर ली है। जिले को चार जोन में बांटा गया है। सभी जोन पर पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस सभी तरह की गतिविधियों पर नजर रखेगी। अराजकतत्व कोई हरकत करते हॅैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि सावन के तहत मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती की जा रही है। जिले को चार जोन में विभाजित किया गया है। जिसमें जिले के आसपास मौजूद जनपदों से आने वाले मार्गों पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। इसमें फर्रुखाबाद से बेवर की ओर आने वाले, इटावा से करहल और किशनी की ओर आने वाले, एटा से कुरावली की ओर और शिकोहाबाद से घिरोर की ओर आने वाले मार्गों पर करीब 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही मंदिर और जलाशयों पर भी पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है। मंदिरों में आने वाले भक्तों के लिए पुलिस सुरक्षा की नजर से हर अराजकतत्व पर नजर रखेगी। अन्य जनपदों से आने वाले कांवड़ियों के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था तैनात रहेगी।