बेवर। बेवर-संकिसा मार्ग पर रोडवेज बस सेवा का संचालन न होने के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा और नीबकरोरी की यात्रा करते हैं। लंबे समय से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही है।
परिवहन निगम के बेवर डिपो के बेड़े में कुल 53 बसें हैं। इसके बावजूद, बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा और नीबकरोरी के लिए सीधी बस सेवा का अभाव यात्रियों, विशेषकर श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी समस्या बना हुआ है। रोडवेज बसों की अनुपलब्धता के कारण, यात्रियों को यात्रा के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
स्टेशन प्रभारी नीलम शर्मा ने बताया कि डिपो की ओर से मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के तहत क्षेत्रीय मार्गों पर बसों का संचालन शुरू करने की पहल की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बेवर-संकिसा मार्ग का सर्वेक्षण कराया जाएगा और उसके बाद वहां बस संचालन की योजना बनाई जाएगी।
बेवर-संकिसा मार्ग पर रोडवेज बस संचालन के राहत मिलेगी। लंबे समय से इस मार्ग पर बस संचालन की मांग की जा रही है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के तहत बस संचालन शुरू कराया जाए।
- इंद्रपाल सिंह, बेवर।
संकिसा और नीबकरोरी मार्ग पर बस की बहुत आवश्यकता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक स्थानों पर दर्शन के लिए जाते हैं। ऐसे में रोडवेज बस न होने से दिक्कतें बढ़ रही हैं।
- अंशू गुप्ता, बेवर।