मैनपुरी। माता शीतला देवी मंदिर में नेजा चढ़ाने आ रहा युवक सोमवार शाम मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव खिरिया निवासी 37 वर्षीय विक्रम सोमवार को ग्रामीणों के साथ माता शीतला देवी मंदिर नेजा चढ़ाने के लिए आ रहे थे। मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर मंदिर से कुछ दूर पहुंचने पर मार्ग से गुजर रहे ट्रैक्टर ने विक्रम को चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। मौका मिलते ही चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। घायल को जिला अस्पताल लाया गया। वहां जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन रोने बिलखने लगे। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया, गमगीन माहौल में पैतृक गांव खिरिया में विक्रम का अंतिम संस्कार किया।