मैनपुरी। थाना बिछवां क्षेत्र के गांव फर्दपुर के पास जीटी रोड पर बृहस्पतिवार दोपहर ननिहाल से घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक कुरावली क्षेत्र के गांव जगतपुर का रहने वाला था, पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया है।
थाना कुरावली क्षेत्र के गांव जगतपुर महादेवा निवासी 22 वर्षीय सचिन कुमार थाना बेवर क्षेत्र के करुआमई नगरिया स्थित ननिहाल गया था। बृहस्पतिवार दोपहर को वह ननिहाल से घर वापस लौट रहा था, दोपहर करीब दो बजे बाइक जब थाना बिछवां क्षेत्र में फर्दपुर पुल के पास पहुंची, तभी मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां कुछ देर उपचार के बाद दम तोड़ दिया। परिजन ने बताया कि सचिन दिल्ली में रह कर प्राइवेट नौकरी कर रहा था, वह गांव आया था, वहां से ननिहाल घूमने गया था। बिछवां पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।