करहल। थाना क्षेत्र के सैफई बाईपास पर गढ़िया चौराहे के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई। इस हादसे में किशोर के नाना सहित दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम नगला मखिया निवासी अशोक कुमार ने बताया कि एक सितंबर की सुबह वह अपने नाती आशू और नारायन के साथ बाइक से इटावा जा रहे थे। बाइक नारायन चला रहा था। जैसे ही वे सैफई बाईपास पर गढ़िया चौराहे के पास पहुंचे, एक कार चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में आशू को गंभीर चोटें आईं, जबकि अशोक कुमार और नारायन भी घायल हो गए। कार चालक ने घायलों को सैफई अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आशू को मृत घोषित कर दिया।