फोटो 3 किसान अवधेश सिंह का फाइल फोटो
बेवर। तेज आंधी के बीच रविवार रात गांव कल्याणपुर मुड़ई में झोपड़ी के बाहर बंधे पशुओं को खोलने गए किसान पर नीम का पेड़ गिर गया। परिजन ने उसको अस्पताल में भर्ती कराया जहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर आई पुलिस ने शव मोर्चरी भेजा, घटना के बाद मृतक किसान के घर में मातम छाया है।
थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर मुड़ई के रहने वाले 55 वर्षीय किसान अवधेश सिंह के घर के बाहर कई वर्ष पुराना एक नीम का पेड़ लगा था, उसी के पास वह झोपड़ी के बाहर पशुओं को बांधते थे। रविवार रात को अचानक से तेज आंधी आने पर अवधेश झोपड़ी के पास बंधे पशुओं को खोलने के लिए गए थे। उन्होंने पशुओं को खोल कर हटा दिया, मगर, तभी तेज आवाज के साथ नीम का पेड़ उन पर गिर गया। चीख सुनकर परिजन व आसपास के लोग पेड़ के पास पहुंचे, काफी देर मशक्कत के बाद पेड़ के नीचे दबे अवधेश को बाहर निकाला, गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, वहां किसान ने कुछ देर ही दम तोड़ दिया। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया। संवाद