फोटो 20 वारिस अली का फाइल फोटो। संवाद
मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के मोहल्ला पठानान के रहने वाले 80 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई, शव बुधवार सुबह सर्विस रोड किनारे पड़ा मिला। सिर में चोट का निशान था। पुत्री ने जमीन का बैनामा कराने के बाद हत्या का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस ने शव मोर्चरी भेजा।कुरावली क्षेत्र के मोहल्ला पठानान निवासी 80 वर्षीय वारिस अली का शव बुधवार सुबह पांच बजे गांव चंद्रपुरा रजबहा वाले कट के पास पड़ा मिला। सिर में किसी धारदार हथियार से वार किए जाने का निशान था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए नमूने एकत्र किए।
वहीं मृतका की पुत्री ने आरोप लगाया कि पिता से कुछ लोगों ने जमीन का जबरदस्ती बैनामा करा लिया, उसका कोई रुपया भी नहीं दिया। वही लोग पिता को अपने साथ ले गए और उनकी हत्या कर दी। मौके पर पहुंचे सीओ भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी ने बताया कि मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर व रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। सभी तथ्यों पर गहनता से जांच की जा रही है।
-
हत्या का आरोप के बाद कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
जबरदस्ती बैनामा कराने के बाद घर ले जाकर हत्या करने का आरोप परिजन लगा रहे थे। उनका कहना था कि वारिस अली को जमीन बैनामा कराने के बाद रुपया भी नहीं दिया गया, उनकी हत्या कर दी है। पुलिस ने जब जानकारी जुटाई, तो कुछ अहम जानकारियां हाथ लगीं। पता चला जमीन बैनामा होने के बाद दो दिन पहले ही परिवार की एक महिला जो आरोप लगा रही थी, उसी के खाते में 35 लाख रुपये आए हैं। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि अगर बैनामा जबरदस्ती कराया गया तो दो दिन तक कोई थाने शिकायत करने क्यों नहीं आया। सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है।