फोटो 18 शहर में एक स्थान पर बिजली की लाइन को ठीक करते कर्मचारी। स्रोत विभाग
मैनपुरी। तापमान बिजली आपूर्ति के लिए अभिशाप बनता जा रहा है। गांव से लेकर शहर तक बिजली की लाइनों में फाल्ट हो रहे हैं। इससे हर घंटे लाइन बाधित हो रही है। रात के समय ओवर लोड की समस्या सबसे बड़ी परेशानी बन रही है। बिजली गुल रहने से लोग गर्मी से झुलस रहे हैं। मंगलवार की रात शहर के बड़े इलाके में 7 घंटे बिजली गुल रही। इससे लोग चैन की नींद नहीं सो सके। ग्रामीण अंचल में भी रात के समय पांच घंटे के रोस्टर ने लोगों को परेशानी में डाला।
मंगलवार की रात 11 बजे के करीब शहर के मोहल्ला आवास विकास, मंडी धर्मदास, सिविल लाइन, कृष्णा टाॅकीज रोड, करहल रोड, राजा का बाग, आश्रम रोड, देवी रोड सभी क्षेत्रों की बिजली ओवर लोड के चलते बाधित हो गई।
कई जगह अंडर ग्राउंड केबल में फाल्ट हुआ तो कई जगह पैनल और ट्रांसफार्मरों में आग लग गई। 33 केवी बिजली घर में तकनीकी समस्या खड़ी हो गई। उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता और लाइनमैन रात भर चकरघिन्नी बने रहे। एक जगह लाइन ठीक नहीं हो पाती तब तक दूसरी जगह फाल्ट की समस्या सामने आ जाती। ग्रामीण अंचल में रात 9 बजे के बाद पांच से छह घंटे की कटौती कर दी गई। इससे ग्रामीण अंचल के उपभोक्ता भी परेशान रहे। बुधवार को दिन में भी तापमान और ओवर लोड की समस्या के चलते कई क्षेत्र में दो से तीन घंटे की कटौती हुई। इससे लोगों को परेशानी से जूझना पड़ा।