फोटो 11 सदर बाजार में वाहनों से लगा जाम। फाइल फोटो
मैनपुरी। सुबह सात बजे से रात 9 बजे तक मुख्य बाजार में चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो आदि का प्रवेश पहले से ही बंद किया जा चुका है, मगर, अब पास लगाए वाहन चालक भी प्रवेश नहीं पा सकेंगे, सीओ ट्रेफिक की ओर से पास के दुरुपयोग की रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक ने सभी पास रद्द कर दिए हैं।कचहरी रोड पर क्रिश्चियन तिराहा से मुख्य बाजार, आगरा रोड, करहल चौराहा से बाजार में ई-रिक्शा, ऑटो, कार आदि के प्रवेश के चलते जाम की समस्या खड़ी हो रही थी। जिसके चलते एसपी के निर्देश पर सुबह सात बजे से रात 9 बजे तक चार पहिया, तीन पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। सीओ ट्रेफिक दीपशिखा सिंह ने जब जांच की तो पाया कि अभी भी कुछ वाहन जिन पर पास लगे हुए हैं। वह प्रवेश कर रहे हैं और जाम की वजह बन रहे हैं। यह भी सामने आया कि पास पर वाहन नंबर, नाम आदि न होने के चलते दुरुपयोग भी हो रहा है। एक पास को कई वाहन स्वामी इस्तेमाल कर रहे हैं। इसकी रिपोर्ट सीओ ट्रेफिक ने एसपी गणेश प्रसाद साहा को दी, एसपी ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए जारी हुए सभी वाहन पास रद्द कर दिए। आदेश दिए कि पास लगाए वाहन भी अब बाजार में प्रवेश नहीं पा सकेंगे। एसपी के आदेश के बाद सख्ती से पालन भी शुरू हो गया है।
-
जल्द जारी किए जाएंगे नए पास
ऐसा नहीं है कि नो-एंट्री में कोई भी वाहन प्रवेश नहीं पा सकेगा, आपात स्थिति पर यह आदेश प्रभावी नहीं रहेगा। वहीं, सीओ ट्रेफिक दीपशिखा सिंह ने बताया कि जल्द ही नए वाहन पास जारी किए जाएंगे। ये पास वाहन संख्या, स्वामी का नाम, मोबाइल नंबर आदि सभी मानकों से परिपूर्ण होंगे। नए पास बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वाहन स्वामी को मानक के अनुरूप दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।