फोटो 16 एक स्कूल में निपुण आंकलन के दौरान छात्रा का मूल्यांकन करते डायट प्रशिक्षु। संवाद
मैनपुरी। बेसिक स्कूलों में कक्षा एक और दो में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का निपुण आंकलन 27 जनवरी से शुरू हो गया है। पहले दिन जिले के 34 स्कूलों में आंकलन किया था। वहीं, दूसरे दिन 124 स्कूलों में निपुण आकलन के लिए टीमें पहुंची।
निपुण आकलन के लिए प्राचार्य डायट के निर्देशन में डीएलएड प्रशिक्षुओं की दो सदस्यी 62 टीमें स्कूलों में पहुंच रही हैं। तकनीकी समस्या के निदान के लिए चार स्तर पर सपोर्ट दिया है।
परिषदीय स्कूलों में शुरू से ही छात्र-छात्राओं की नींव मजबूत करने के लिए शासन ने निपुण आंकलन कराने का निर्णय लिया है। कक्षा एक और दो में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की शिक्षा के स्तर का मूल्यांकन होना है। इसके लिए डायट प्रशिक्षुओं की दो सदस्यी टीम स्कूलों में पहुंचकर कक्षा एक और दो में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का शिक्षा का मूल्यांकन कर रही है। शासनादेश के तहत स्कूल में मूल्यांकन के बाद सारी जानकारी निपुण लक्ष्य एप पर अपलोड की जा रही है। इसके लिए जिला स्तर पर बीएसए दीपिका गुप्ता के निर्देशन में जनपदीय कंट्रोल रूम का गठन किया गया है। यहां एसआरजी जितेंद्र कुमार, डीसी पुष्पेंद्र सिंह और एसआरजी सुखेंद्र प्रताप को तकनीकी सहयोग के लिए तैनात किया गया है। इसके साथ ही डायट भोगांव पर तकनीकी सपोर्ट के लिए डायट प्रवक्ता वसुधा चौहान, शोभा, अभय कुमार और संजीव कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। ब्लॉक स्तर पर खंड शिक्षाधिकारी के निर्देशन में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन को तैनात किया गया है। इसके साथ ही न्याय पंचायत स्तर पर नोडल शिक्षक के निर्देशन में अन्य चार संकुल शिक्षकों को तकनीकी मदद के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को बरनाहल विकास खंड के 34 स्कूलों में निपुण आंकलन किया गया था। बुधवार को बेवर विकास खंड के 90 और बरनाहल विकास खंड के 34 स्कूलों में निपुण आंकलन करने के लिए डीएलएड प्रशिक्षुओं की 62 टीमें पहुंची। बीएसए ने बताया कि 14 फरवरी तक निपुण आंकलन किया जाएगा।