फोटो 17 जिला अस्पताल में भर्ती मरीज। संवाद
- फोटो : Samvad
मैनपुरी। बदलते मौसम बीमारियों ने कहर दिखाना शुरू कर दिया है। जिले के अलग-अलग क्षेत्र निवासी बुखार, खसरा, अस्थमा और क्षयरोग से पीड़ित चार मरीजों ने दम तोड़ दिया। 56 मरीजों को मंगलवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीन मरीज हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किए गए।
शहर के मोहल्ला देवपुरा निवासी राकेश भदौरिया (50) को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। एलाऊ क्षेत्र के गांव इलाबांस निवासी अमित कुमार की तीन वर्षीय पुत्री राधा रानी पिछले छह दिनों से बुखार से पीड़ित चल रही थीं। परिजन उनका निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। यहां जांच में उसे खसरा बताकर उपचार शुरू कर दिया। मंगलवार की सुबह सात बजे के करीब अचानक उसकी हालत बिगड़ी तो परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां जांच के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के नगला मूले निवासी काजल राजपूत (20) पिछले कुछ समय से क्षयरोग से पीड़ित चल रही थीं। सुबह अचानक हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां उपचार के कुछ समय बाद काजल ने दम तोड़ दिया। नगर के खरपरी एबीएस ईंट भट्ठा के निकट निवासी श्याम बिहारी (60) को पिछले कुछ समय से अस्थमा की दिक्कत थी। सोमवार की शाम परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच क बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जिन मरीजों की उपचार के दौरान मौत हुई उन्हें अति गंभीर हालत में लाया गया था। उन्हें हर संभव उपचार दिया गया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।