फोटो 20 सौ शैया अस्पताल में बच्चे के साथ डॉ. निशिता यादव और उनकी टीम। स्रोत स्वास्थ्य विभाग
मैनपुरी। सौ शैया मातृ एवं शिशु अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद से प्रसूताओं को सामान्य प्रसव के साथ सिजेरियन प्रसव कराया जा रहा है। मंगलवार को स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निशिता यादव की टीम ने शहर निवासी प्रसूता का सिजेरियन प्रसव कराया। प्रसव के दौरान प्रसूता ने 5.25 किलोग्राम भार के बच्चे को जन्म दिया।
जिले की प्रसूताओं के लिए अच्छी खबर है कि सौ शैया अस्पताल में सामान्य प्रसव के साथ ही निशुल्क सिजेरियन प्रसव भी कराए जा रहे हैं। शहर निवासी शिफा पत्नी सोहिल को मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर सौ शैया मातृ एवं शिशु अस्पताल में लाया गया। यहां प्रसव के दौरान उसकी हालत बिगड़ने लगी तो डॉ. निशिता यादव ने परिजन को सिजेरियन प्रसव की सलाह दी। डॉ. निशिता यादव ने निश्चेतक डॉ. अरविंद तोमर, सिस्टर इंचार्ज शशी बाथम, ओटी टेक्नीशियन, हिमांशू, रेनूबाला, रुचि यादव, इंद्रकुमार, गोविंद, चंद्रभान, रवि, प्रशांत आदि के सहयोग से शिफा का सुरक्षित प्रसव कराया। इस दौरान शिफा ने 5.25 किलोग्राम भार के बालक को जन्म दिया।