मैनपुरी। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्राथमिकता वाले विकास, राजस्व कार्यों की माह फरवरी की जारी रैंक में जनपद को संयुक्त रूप से प्रदेश में तीसरी रैंक मिली है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से जनपद निरंतर टॉप-10 में बना हुआ है। फरवरी में जनपद ने प्रदेश में तीसरा और मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।उन्होंने बताया कि अधिकारियों, कर्मचारियों के कुशल पर्यवेक्षण, कार्यशैली के कारण जनपद योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, सामाजिक वनीकरण, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रधानमंत्री पोषण, अंडा उत्पादन, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पशु टीकाकरण, निराश्रित गोवंश की सुपुर्दगी, मत्स्य उत्पादन, निराश्रित महिला पेंशन, आधार सीडिंग, सड़कों का अनुरक्षण, एक जनपद-एक उत्पाद, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, वृद्धावस्था पेंशन में जिला ए-प्लस कैटेगरी में है।
उन्होंने बताया कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों, जन समस्याओं के निदान में जनपद निरंतर शीर्ष पर बना हुआ है। अतिरिक्त ऊर्जा में पं. दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, सोलर स्ट्रीट लाइट बीकेएस ग्राम उन्नति योजना, उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन, दैनिक विद्युत आपूर्ति शहरी, ग्रामीण, विद्युत बिलों में सुधार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आदि में जनपद निरंतर ए-श्रेणी में चल रहा है।