फोटो 1 मैनपुरी डिपो के स्टैंड पर खड़ीं बसें। संवाद
मैनपुरी। परिवहन निगम के मैनपुरी डिपो की ओर से माघ मेला में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने की योजना बनाई गई है। इसके तहत मेला के दौरान जिले से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर कानपुर के लिए संचालित बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। इससे श्रद्धालु कानपुर होकर प्रयागराज के संगम तट पर लगने वाले माघ मेला में पहुंच सकेंगे।
मैनपुरी डिपो के बेड़े की 69 बसों का संचालन दूसरे जनपदों के साथ क्षेत्रीय मार्गाें पर किया जा रहा है। डिपो की ओर से एक बस मैनपुरी-लखनऊ के लिए संचालित होती है। वहीं, तीन बसों का संचालन मैनपुरी-कानपुर के लिए किया जा रहा है। तीन जनवरी से शुरू होने वाले माघ मेला में जनपद से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जाने की उम्मीद है।
डिपो के संचालन प्रभारी अनुज दुबे ने बताया कि जिले से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर कानपुर मार्ग पर अतिरिक्त बसों के संचालन के साथ बसों के फेरे बढ़ाए जाने की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि बसों के फेरे बढ़ने से श्रद्धालु आसानी से कानपुर होकर प्रयागराज पहुंच सकेंगे। आवश्यकता पड़ने पर लखनऊ के लिए भी बसों की संख्या में बढ़ोतरी की जा सकती है। माघ मेला के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए मैनपुरी डिपो की ओर से तैयारियां की गई हैं।