मैनपुरी। शहर के आवास विकास काॅलोनी में रहने वाले एक एंबुलेंस चालक को लॉरेंस विश्नोई गैंग का एक धमकी भरा पत्र मिला, इस पत्र में 50 लाख रुपये रंगदारी मांगी गई, रुपये न देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है, एसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया है।
काेतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी आनंद पांडेय और गोलू पांडेय एंबुलेंस चालक हैं। शनिवार दोपहर जब आनंद पांडेय घर पहुंचे तो दरवाजे पर डाकिया आ गया, जब उन्होंने पत्र को खोल कर देखा तो उनके होश उड़ गए। पत्र लॉरेंस विश्नोई गैंग पंजाब से था, पत्र में 50 लाख रुपये रंगदारी मांगी गई थी, ऐसा न करने पर उन्हें परिवार सहित जान से मार डालने की धमकी दी गई थी। आनंद के परिजन ने भी उस पत्र को पढ़ा, पत्र से मिली धमकी के बाद आनंद व परिवार दहशत में है। पीड़ित ने एसपी कार्यालय व कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया है। उन्हें व परिवार को सुरक्षा दिलाए जाने की मांग की है।
हकीकत या मजाक, पुलिस जांच में खुलेगा पत्र का राज
आवास विकास काॅलोनी के रहने वाले एक एंबुलेंस चालक को डाक से पत्र भेज कर लॉरेंस विश्नोई गैंग पंजाब ने धमकी दी है, 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी है। इस बात में किस हद तक सच्चाई है, ये पत्र हकीकत है या किसी ने इस परिवार के साथ मजाक किया है, यह तो पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल पुलिस की ओर से इस तरह की किसी शिकायत के न मिलने की बात कही जा रही है।
वर्जन
लॉरेंस विश्नोई गैंग की ओर से एंबुलेंस चालक को धमकी देने के संबंध में अभी कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। यदि ऐसा कुछ हुआ है तो शिकायत पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी।