मैनपुरी। तहसील क्षेत्र में एक जमीन का अनुबंध करके बैनामा करने में धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एआईजी स्टांप से शिकायत करके संबंधित जमीन का बैनामा रुकवाने की मांग की है। एआईजी स्टांप ने जांच कराने का पीड़ित को आश्वासन दिया है।
जिला फिरोजाबाद के मक्खनपुर के रहने वाले सुरेश बाबू और मनीराम सिंह ने करहल के रहने वाले जवाहर लाल से एक जमीन का अनुबंध पांच अगस्त 2022 को उप निबंधक कार्यालय करहल में एक करोड़ रुपये में लिखित रूप से किया था। 10-10 लाख के दो, दो लाख का एक चेक तथा पांच लाख रुपये नकद दिए थे। तीन साल के अंदर पांच अगस्त 2025 तक जमीन का बैनामा करना तय हुआ था।
पीड़ितों ने एआईजी स्टांप से शिकायत करके बताया कि समय सीमा के अंदर बैनामा नहीं करने पर विधिक नोटिस दिए गए। इसी बीच जवाहर लाल ने जमीन का अपनी पुत्री नीलम और प्रीति के नाम दान पत्र लिख दिया। इस जमीन पर प्लाटिंग करके जवाहर लाल ने 15-16 बैनामा भी कर दिए। एक भू माफिया से मिलकर अनुबंध के बाद भी जवाहर लाल बैनामा नहीं कर रहा है। शिकायत करने पर सुनवाई नहीं हो रही है। एआईजी स्टांप ने शिकायत की जांच कराने का आश्वासन दिया है।