फोटो 31 मंडल प्रभारी का स्वागत करते बसपा नेता। स्रोत बसपा
मैनपुरी। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बताया कि एसआईआर के संशोधित कार्यक्रम में गणना प्रपत्रों को भरकर जमा करने की तिथि 26 दिसंबर है। 26 दिसंबर को ही मतदेय स्थल का संवर्धन और पोलिंग स्टेशनों को पुनः व्यवस्थित करना निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि 27 से 30 दिसंबर तक कंट्रोल टेबल को अपडेट करना, ड्राफ्ट रोल तैयार करना, 31 दिसंबर को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य का प्रकाशन किया जाएगा। 31 दिसंबर से 30 जनवरी 2026 तक दावे, आपत्तियां प्राप्त किए जाएंगे। 31 दिसंबर से 21 फरवरी तक नोटिस जारी कर सुनवाई एवं सत्यापन के निस्तारण की कार्रवाई ईआरओ करेंगे। 25 फरवरी तक निर्वाचक नामावलियों की जांच और अंतिम प्रकाशन के लिए आयोग की अनुमति प्राप्त की जाएगी। 28 फरवरी को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन होगा।
उन्होंने कहा कि यदि किसी बूथ लेवल अधिकारी ने गलती से किसी मतदाता के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं किए हैं। ऐसे मतदाता जिन्होंने अभी तक अपने गणना प्रपत्र भरकर उपलब्ध नहीं कराए हैं। उनकी सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्यामलता आनंद, एसडीएम अभिषेक कुमार, संध्या शर्मा, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, नीरज कुमार द्विवेदी, प्रसून कश्यप, जिलाध्यक्ष सपा आलोक शाक्य, जिलाध्यक्ष कांग्रेस गोपाल कुलश्रेष्ठ, जिलाध्यक्ष आप संतोष श्रीवास्तव, महामंत्री भाजपा भूपेंद्र यादव, महासचिव बसपा अवनीश शाक्य मौजूद रहे।