फोटो 3 मैनपुरी डिपो के स्टैंड पर खड़ीं बसें। संवाद
मैनपुरी। परिवहन निगम के मैनपुरी डिपो की ओर से यात्रियों को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न मार्गों पर बसों के संचालन को बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। यात्रियों की संख्या और मार्ग की आवश्यकता को देखते हुए डिपो की ओर से कन्नौज-कानपुर मार्ग पर भी बसों की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। बसों का संचालन बढ़ने से मैनपुरी से कन्नौज और कानपुर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मैनपुरी डिपो की तीन बसों का संचालन कन्नौज-कानपुर मार्ग पर किया जा रहा है। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। बसों की संख्या सीमित होने के कारण यात्रियों को कई बार बसों के लिए इंतजार करना पड़ता है। संचालन प्रभारी अनुज दुबे ने बताया कि मैनपुरी डिपो में कुल 53 बसें हैं। इनमें से तीन बसों का संचालन कन्नौज-कानपुर मार्ग पर किया जा रहा है। वर्तमान में मुड़िया मेले में डिपो की 17 बसें मेला ड्यूटी के लिए भेजी गई हैं। मेला समाप्त होने के बाद इन बसों के वापस लौटने पर मार्ग वार बसों की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद कन्नौज-कानपुर मार्ग पर बसों का संचालन बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।