औंछा (मैनपुरी)। गांव विक्रमपुर में शनिवार दोपहर कहासुनी के बाद एक युवक ने अपनी पत्नी की पिटाई कर दी। इससे नाराज पत्नी शिकायत करने थाने चली गई। इसी बीच पति ने कमरे में जाकर पंखे से फंदा लगा लिया।
दरवाजा तोड़कर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक मोनू कुमार (30) नोएडा में रहकर टैक्सी चलाता था। वह दो दिन पहले ही अपने गांव विक्रमपुर आया था। शनिवार दोपहर किसी बात को लेकर मोनू और उसकी पत्नी कुंती देवी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मोनू ने गुस्से में आकर कुंती की पिटाई कर दी।
इससे क्षुब्ध होकर कुंती थाने में शिकायत करने की बात कहकर घर से निकल गई। पत्नी के जाने के बाद मोनू ने खुद को कमरे में अंदर से बंद कर लिया और अंगोछे के सहारे पंखे से फंदा लगा लिया। काफी देर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर परिजन को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो मोनू फंदे पर लटका मिला। परिजन उसे आनन-फानन जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संवाद