मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में राधारमन सड़क पर बुधवार शाम प्लॉट पर निर्माण कार्य करा रहे युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। साथियों के साथ आए रसूखदार ने युवक पर पेशाब करते हुए धमकाया। विरोध करने पर सिर में ईंट मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव वीरमपुर निवासी अंकित कुमार ने बताया कि बुधवार शाम करीब 7.15 बजे, वह अपने दिवंगत ताऊ के राधारमन सड़क नवरतन पेट्रोल पंप के सामने स्थित प्लॉट पर निर्माण कार्य करा रहा था। तभी मदार दरवाजा का रहने वाला शुभ यादव बोलेरो से अपने 5-6 साथियों के साथ वहां आया और उन पर पेशाब करने लगा। शुभ की इस हरकत का विरोध किया तो उसने गाली-गलौज करते हुए ईंट से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोरशराबा सुनकर पिता व अन्य लोग मौके पर आ गए। रसूखदार और उसके साथियों से बचाया। हमलावर शुभ यादव ने तमंचा लहराते हुए धमकी दी, कहा कि अगर रिपोर्ट दर्ज कराई तो जान से मार देंगे। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया, शुभ यादव व साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।