फाेटो 203 आईएससी टॉपर रुद्रप्रताप सिंह अपने माता-पिता और भाई के साथ। संवाद
मैनपुरी। इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट (आईएससी) बोर्ड ने बृहस्पतिवार को अपना परिणाम जारी कर दिया। 12वीं की परीक्षा में गांव सिवाई निवासी रुद्रप्रताप सिंह ने 98.75 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉप किया है। वहीं कुरावली निवासी तनवी ने 96.25 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा और शहर के मोहल्ला छपट्टी निवासी लक्ष्य गुप्ता ने 95.75 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिले का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा।आईएससी परीक्षा 2026 का परिणाम बृहस्पतिवार की दोपहर 11 बजे जारी किया गया। जिले में एक मात्र सेंट थाॅमस सीनियर सेकेंडरी स्कूल का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। 2025 से इस बार परीक्षा परिणाम बेहतर रहा। 2025 में जिले का परिणाम 98.24 प्रतिशत रहा। कॉलेज के फादर विनोय जोसेफ ने बताया कि परीक्षा में शामिल कुल 96 छात्र-छात्राओं में से सभी ने आईएससी परिणाम में सफलता हासिल की। परीक्षा परिणाम को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह दिखाई दिया। परीक्षा परिणाम जारी होने पर फादर और अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कॉलेज पहुंचे मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। बेहतर परीक्षा परिणाम आने पर छात्र-छात्राओं में उत्साह देखा गया।