मैनपुरी। भारतीय रेलवे की ओर से होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन कराया जाएगा। लेकिन मैनपुरी के यात्रियों को इनका लाभ नहीं मिल सकेगा। स्पेशल ट्रेन के मैनपुरी जंक्शन स्टेशन से न गुजरने के कारण लोगों को त्योहारों पर आने-जाने में परेशानी होगी। लोगों ने रेलवे से होली स्पेशल ट्रेनों को मैनपुरी से होकर गुजारने की मांग की है।
रेलवे की ओर से 1410 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन कराया जाएगा। इससे त्योहारों के दिनों में यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी मैनपुरी की जनता को स्पेशल ट्रेनों का लाभ नहीं मिल सकेगा। कोई भी स्पेशल ट्रेन के मैनपुरी होकर न गुजरने के कारण यात्रियों को त्योहारों पर भी धक्के खाने पड़ेंगे।
मैनपुरी जंक्शन रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन एक एक्सप्रेस और तीन पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव है। वहीं, कानपुर-आनंद बिहार साप्ताहिक ट्रेन का संचालन रविवार को होता है। अक्सर यात्रियों को ट्रेनों में सफर के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इटावा, टूंडला, शिकोहाबाद से गुजरने वाली होली स्पेशल ट्रेनों का लाभ मैनपुरी के यात्रियों को नहीं मिलेगा। संवाद