फोटो 9 जिला अस्पताल में दवा काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़। संवाद
मैनपुरी। होली के त्योहार पर लोगों ने जमकर चिकनाई युक्त खाना खाया और मिठाई खाई। इससे लोगों को अब स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में त्योहार के बाद जिला अस्पताल की ओपीडी में पेटदर्द के साथ अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ी है। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1121 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। 26 मरीजों को हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
होली के त्योहार पर बने पकवान खाने के बाद अचानक जिले में मरीजों के संख्या बढ़ी है। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ नजर आ रही है। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। सबसे अधिक मरीज फिजीशियन कक्ष में पहुंचे। यहां पहुंचने वाले मरीजों में अस्थमा और पेटदर्द के मरीजों की संख्या अधिक रही। बाल रोग विशेषज्ञ के पास भी मरीजों की भीड़ रही। बच्चों में सर्दी, जुकाम के मरीजों के साथ बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही।