फोटो 28 धूप से बचने के लिए दुपट्टे से चेहरा ढककर बाजार में जाती महिलाएं। संवाद
मैनपुरी। जनपद में कुछ दिन पहले हुई बारिश के बाद जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। वहीं सूरज अब फिर से अपने तेवर दिखाने लगा है। दिन में धूप तेज होने की वजह से सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देने लगता है। लोगों को अपने दैनिक कार्य करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार होने के बावजूद बाजारों में भी भीड़ कम देखी गई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी लगातार बढ़ रहा है जो रविवार को 26.02 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पिछले कुछ दिनों में जनपद में हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम ठंडा हुआ तो तापमान में भी गिरावट आने लगी। न्यूनतम तापमान जहां 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया तो वहीं अधिकतम तापमान भी करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन वहीं अब तापमान ने बढ़त बनाना शुरू कर लिया है। सूरज के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। धूप की वजह से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग भी अगले कुछ दिनों तक तेज गर्मी और धूप की संभावना जता रहा है। लगातार बढ़ रही गर्मी से लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है। डायरिया के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। अस्पताल की ओपीडी में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन वहीं संभावना जताई गई है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और 11 जून तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लू चलने की चेतावनी भी जारी की है।