कुरावली। थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात घने कोहरे के बीच चार वाहन एक दूसरे से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में रोडवेज बस का चालक घायल हो गया। उसे सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया, टकराए वाहनों को मार्ग से हटवाया।
कस्बा में जीटी रोड बरौलिया मोड़ के पास शुक्रवार रात को हरदोई डिपो की रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में चालक शिव सिंह निवासी गांव असिगवा कोतवाली देहात हरदोई गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में मौजूद सवारियों में अफरातफरी मच गई। जब तक कोई चालक की मदद कर पाता, तब तक घने कोहरे में पीछे से आ रहा कैंटर बस से टकरा गया, इसके बाद कैंटर में पीछे से कार टकरा गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल चालक को सीएचसी भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसा कोहरे के कारण हुआ है, चालक को चोट लगी है, अन्य कोई भी चोटिल नहीं हुआ है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाकर आवागमन सुचारू कराया गया।