करहल। एक गांव की रहने वाली 13 वर्षीय छात्रा को स्कूल आते जाते शोहदों ने इतना परेशान किया कि उसने स्कूल जाना बंद कर दिया। चार फरवरी को नशे में धुत आरोपियों ने घर आकर धमकी दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 13 वर्षीय छात्रा कस्बा स्थित एक स्कूल की छात्रा है। कुछ समय से दो शोहदे आते-जाते छात्रा को परेशान करते आ रहे थे। इससे छात्रा तनाव में आ गई। 19 जनवरी से छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया। परिजन ने पुत्री को परेशान देख कर वजह पूछी तो छात्रा ने सारी घटना बताई, लोकलाज के भय से परिजन ने कोई कार्रवाई नहीं की। चार फरवरी की रात को दोनों आरोपी निशांत और प्रदीप अपने साथियों के साथ आए, वह लोग शराब के नशे में धुत थे। घर के सामने ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। घटना के बाद भयभीत परिजन ने थाने पहुंच कर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक ने आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। संवाद