दन्नाहार। थाना क्षेत्र स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में अनुसूचित जाति की आठ वर्षीय छात्रा से गलत हरकत के मामले में शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बृहस्पतिवार को शिकायत के बाद बीएसए ने शिक्षक को निलंबित कर करहल स्थित स्कूल से संबंद्ध किया था। विभागीय जांच जारी है, वहीं पुलिस भी शिक्षक की तलाश कर रही है।
कस्बा के एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को थाने में तहरीर दी थी, बताया कि उनकी आठ वर्षीय पुत्री एक गावं स्थित प्राथमिकी विद्यालय में पढ़ती है। 22 जुलाई को शिक्षक राकेश चंद्र निवासी आवास विकास कालोनी ने उसे कार्यालय में बुलाया, छात्रा के साथ गलत हरकत की थी। इस घटना से सहमी बेटी ने घर आकर घटना की जानकारी दी थी। उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बीएसए सूर्य प्रताप सिंह ने खंड शिक्षाधिकारी मैनपुरी दीपक कुमार से जांच कराई। मौके पर की गई जांच के दौरान बच्ची, उसके पिता, अन्य बच्चों व स्टाफ से बात की गई। बच्ची ने अपने साथ गलत हरकत की जानकारी दी। वहीं कुछ अन्य अभिभावकों ने भी पूर्व में शिक्षक पर बच्चों से गलत व्यवहार का आरोप लगाया। खंड शिक्षाधिकारी की रिपोर्ट पर बीएसए ने तत्काल प्रभाव से शिक्षक को निलंबित कर करहल के एक विद्यालय से संबद्ध कर दिया था। उधर, थाना पुलिस ने शिक्षक राकेश चंद्र के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के बाद तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से ही शिक्षक भी लापता है।
-
घटना के बाद से सहमी है छात्रा
प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक की हरकत के बाद छात्रा सहमी हुई है, वहीं, अन्य बच्चों के अभिभावक भी इस घटना के सामने आने के बाद सतर्कता बरत रहे हैं। शिक्षक का निलंबन हो चुका है, पुलिस ने प्राथमिकी भी दर्ज कर ली है। छात्रा के परिजन का कहना है कि उनकी बच्ची के साथ जो हरकत की गई है। उसकी सजा तो मिलनी चाहिए।
पुलिस न्यायालय में दर्ज कराएगी बयान
प्राथमिक विद्यालय में बच्ची के साथ गलत हरकत की गई, मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आगे की प्रक्रिया में जुट गई है। पीड़िता के महिला पुलिस अधिकारी ने बयान दर्ज किए हैं। वहीं अब न्यायालय के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे।