फोटो 37 महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल। संवाद
मैनपुरी। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में ईसीजी मशीन पिछले 10 दिन से खराब पड़ी हुई है। इसके चलते यहां आने वाले मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को प्राथमिक उपचार के साथ ही रेफर किया जा रहा है।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में प्रतिदिन दिल की बीमारियों से संबंधित 60 से 70 मरीज पहुंचते हैं। इनमें से 15 से 20 मरीजों को प्रतिदिन ईसीजी जांच की जरूरत होती है। पिछले 10 दिन से अस्पताल के हृदय रोग विभाग में उपलब्ध ईसीजी मशीन खराब पड़ी हुई है। इसके चलते अस्पताल आने वाले मरीजों की ईसीजी जांच नहीं हो पा रही है। मरीजों को बिना जांच के ही लौटना पड़ रहा है। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए ईसीजी जांच कराने रेफर किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल पहुंचे आगरा बाईपास रोड निवासी अरुण कुमार ने बताया कि उनके पिताजी को हार्ट की समस्या थी।
वह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां ईसीजी की जानकारी ली तो बताया गया कि ईसीजी मशीन खराब है। बाद में उन्होंने एक निजी अस्पताल में जांच कराई। सीएमएस डॉ. संजय कुमार गुप्ता का कहना है कि ईसीजी मशीन की खरीद के लिए ऑर्डर बुक हो चुका है उम्मीद है कि जल्द मशीन उपलब्ध हो जाएगी। संवाद