फोटो 39 कोहरे के बीच गुजरते वाहन। संवाद
मैनपुरी। सर्द हवाएं चलने से मौसम में गलन बढ़ने लगी है। जनपद में कई जगह लोग अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। प्रशासन ने लोगों को ठंड से बचाने के लिए इंतजाम किए हैं। रैन बसेरा और अलाव जलाने की संख्या बढ़ाई जा रही है। अस्पताल में ठंड से सर्दी, झुकाम, अस्थमा, हार्ट अटैक और जोड़ों के दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ चली है।
शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम तापमान 18 डिग्री नापा गया। सुबह से ही सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरन का एहसास कराया। दिन में कुछ देर के लिए सूर्य देव के दर्शन हुए लेकिन यह भी कुछ असर नहीं दिखा सके। पूरे दिन भगवान भाष्कर का भी लुकाछुपी का खेल चलता रहा। सर्दी बढ़ते के कारण प्रशासन की ओर से शहर के प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने का कार्य किया गया है। वहीं बस स्टैंड और जिला अस्पताल में रैन बसेरा की स्थापना कराई गई है। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को पारा लुढ़क कर न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सर्द हवाएं भी चलने के आसार जताए गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने घना कोहरा छाए रहने की भी चेतावनी दी है।