फोटो 31 जिला अस्पताल में भर्ती मरीज। संवाद
मैनपुरी। सर्दी के बीच जिले में अस्थमा और हार्ट के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिले के अलग-अलग क्षेत्र निवासी दो मरीजों ने दम तोड़ दिया। वहीं, सात मरीज गंभीर हालत में भर्ती कराए गए। तीन मरीज हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई किए गए।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखी गई। इमरजेंसी की ओपीडी में 77 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। 13 मरीज भर्ती कराए गए। इनमें सात मरीज हार्ट और अस्थमा की दिक्कत से पीड़ित थे। शहर के मोहल्ला बागवान निवासी राजकुमार (45) को रविवार की सुबह सीने में तेज दर्द के साथ सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें म़ृत घोषित कर दिया। गांव रठेरा निवासी कायम सिंह यादव (65) को पिछले कुछ दिनों से पेटदर्द की दिक्कत थी। उनका दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। शनिवार की देर शाम उन्हें हार्ट अटैक पड़ा और उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. जेजे राम का कहना है कि सर्दी में हृदय के मरीज अपना बेहतर ख्याल रखें। नियमित जांच कराते रहें और घर पर ही दवा रखें। जरा भी दिक्कत होने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से उपचार लें।