मैनपुरी। मातारानी की आराधना और भक्ति का पर्व चैत्र नवरात्र की शुरुआत 19 मार्च से हो रही है। इस बार मां पालकी में सवार होकर आएंगी। नौ दिनों तक भक्त श्रद्धाभाव से मातारानी की आराधना करेंगे। नवमी के बाद मां गजानन पर सवार होकर विदा लेंगी। मंदिरों और घरों में नवरात्र की तैयारियां शुरू गई हैं। बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी तेज हो गई है।
19 मार्च से आरंभ होने वाले चैत्र शुक्ल प्रतिपदा हिंदू नववर्ष और नवरात्र के लिए रौनक दिखाई देने लगी है। नवरात्र के लिए भक्तों ने अभी से उत्साह दिखाई दे रहा है। भक्त 19 से 27 मार्च तक देवी मां की आराधना करेंगे। 27 मार्च को रामनवमी है।
ज्योतिषाचार्य पंडित नंदकिशोर मिश्रा ने बताया कि सनातन धर्म में नया वर्ष चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से शुरू होता है।
यहीं से विक्रम संवत का भी आरंभ होता है। उन्होंने बताया कि नए साल की शुरुआत माता रानी की उपासना से होती है। 19 मार्च को बृहस्पतिवार सुबह 6:40 ्बजे तक अमावस्या रहेगी।
इसके बाद प्रतिपदा तिथि शुरू हो जाएगी। मंदिरों और घरों में कलश स्थापना होगी और नौ गौरी के दर्शन होंगे। 19 मार्च से नए पंचांग के अनुसार साल की शुरुआत होगी।
उन्होंने बताया कि इस बार मातारानी पालकी में सवार होकर आएंगी और गजानन पर विदा होंगी।
इन राशियों के लिए शुभ संकेत
मेष राशि : चैत्र नवरात्रि का समय आपके लिए आत्मविश्वास, साहस और नई ऊर्जा लेकर आ सकता है। रुके हुए कार्य पूरे होने की संभावना बनेगी और आपके प्रयासों को सफलता मिलने के संकेत हैं।
मिथुन राशि : इस नवरात्रि में भाग्य का पूरा साथ मिल सकता है। लंबे समय से अटके हुए महत्वपूर्ण कार्य पूरे हो सकते हैं। नौकरी और व्यवसाय में उन्नति तथा नई संभावनाएं बनने के योग दिखाई दे रहे हैं।
सिंह राशि : यह नवरात्र आपके लिए शुभ परिणाम देने वाली साबित हो सकती है। आर्थिक स्थिति में सुधार के योग बन रहे हैं। यदि आपने कहीं निवेश किया है, तो उससे लाभ मिलने की भी संभावना है।
कन्या राशि : करियर और कार्यक्षेत्र के लिए यह समय अनुकूल रहेगा। जो बाधाएं और रुकावटें पहले से चल रही थीं, वे धीरे-धीरे समाप्त हो सकती हैं और आपको आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं।
मकर राशि : नवरात्र आपके लिए नए अवसर और नई जिम्मेदारियां लेकर आ सकती है। कार्यक्षेत्र में तरक्की के योग बन रहे हैं और आपकी मेहनत का उचित फल मिलने की संभावना है।
कुंभ राशि : यह समय कुछ मामलों में राहत देने वाला हो सकता है। विशेष रूप से कोर्ट-कचहरी या कानूनी मामलों में सकारात्मक परिणाम मिलने के संकेत दिखाई दे रहे हैं।
मीन राशि : यह नवरात्र आपके लिए भाग्यशाली साबित हो सकती है। नौकरी और व्यापार में प्रगति के योग बन रहे हैं तथा नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं।
वृष, कर्क, तुला, वृश्चिक और धनु राशि : इन राशियों के जातकों को आर्थिक मामलों, व्यवहार और करीबी संबंधों में थोड़ी सावधानी रखने की आवश्यकता है। जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें और धैर्य व समझदारी से काम लें।