मैनपुरी। परिवहन निगम के बेवर डिपो की ओर से क्षेत्रीय यात्रियों को मुख्यमंत्री जनता सेवा के तहत सुविधा को तोहफा मिला है। डिपो की ओर से शनिवार से बेवर-जासमई-छिबरामऊ होकर जिला मुख्यालय के लिए बस संचालन शुरू कराया जाएगा। इससे यात्री 20 प्रतिशत कम किराये में सफर कर सकेंगे।बेवर डिपो की ओर से सड़क परिवहन निगम मुख्यालय को प्रस्ताव भेजकर मुख्यमंत्री जनता सेवा के तहत क्षेत्रीय मार्गों पर बस संचालन की मंजूरी मांगी थी। निगम मुख्यालय की ओर बेवर-जासमई-छिबरामऊ से जिला मुख्यालय के लिए बस संचालन को मंजूरी मिल गई है। इसके बाद डिपो ने मार्ग पर बस संचालन की तैयारियों को पूरा कराया है।
डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सुभाष चंद्र ने बताया कि मुख्यमंत्री जनता सेवा के तहत बेवर-जासमई-छिबरामऊ से जिला मुख्यालय तक बस संचालन शनिवार से शुरू कराया जाएगा। इसके संचालन से क्षेत्रीय यात्रियों को 20 प्रतिशत कम किराये में यात्रा की सुविधा मिलेगी। दूसरे मार्गों पर भी बस संचालन की योजना बनाई जा रही है।